Ashes 2019 Eng vs Aus: आखिरी एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड के प्लेइंग XI में चौंकाने वाले बदलाव
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच 12 सितंबर (गुरुवार) से लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाना है। आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपने प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड ने भले ही टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में दो चौंकाने वाले बदलाव किए हैं। इंग्लैंड के प्लेइंग इलेवन में सैम करन शामिल किए गए हैं, जबकि जेसन रॉय को बाहर बैठना पड़ेगा। वहीं क्रेग ओवर्टन की जगह क्रिस वोक्स लेंगे।
एशेज सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही इंग्लैंड टीम के लिए आखिरी टेस्ट करो या मरो वाला होगा। सीरीज ड्रॉ कराने के लिए इंग्लैंड को इस मैच में जीतना ही होगा। हालांकि एशेज ट्रॉफी पर पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम का कब्जा हो चुका है। सैम करन ने भारत के पिछले दौरे पर टेस्ट सीरीज में जबर्दस्त प्रदर्शन किया था और ऐसे में इंग्लैंड को उनसे फिर से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी। सैम ऑलराउंडर के तौर पर खेलते हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ सीरीज में अपने ऑलराउंड खेल के दम पर मेजबान टीम को सीरीज जिताई थी।
सैम ने अभी तक कुल 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 31.81 की औसत से 509 रन बनाए हैं और 30.05 की औसत से 18 विकेट लिए हैं। जेसन रॉय ने इस सीरीज में काफी निराश किया और इसी वजह से वो प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। जेसन रॉय ने इस सीरीज से ठीक पहले ही आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। एशेज सीरीज का पहला मैच एजबेस्टन मैदान पर खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। इसके बाद लॉर्ड्स टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था। तीसरा टेस्ट हेडिंग्ले में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने नाटकीय तरीके से एक विकेट से जीता था और चौथा टेस्ट ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 185 रनों से जीता था।
आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड का प्लेइंग इलेवन-
रोरी बर्न्स, जो डेनली, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, जॉनी बेयरेस्टो, जोस बटलर, सैम करन, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, स्टुअर्ट ब्रॉड, जैक लीच।

Post a Comment