AShes 2019: स्टीव स्मिथ पर कमेंट करने वाले हो गए मजबूर, अब उनके लिए खड़े होकर बजा रहे हैं ताली
![]() |
| Ashes 2019 स्टीव स्मिथ ने साबित कर दिया कि वो इस युग के सबसे बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाज हैं। |
गेंद से छेड़छाड़ मामले में एक वर्ष का बैन जब स्मिथ पर लगा था तब वो टीम के कप्तान थे। उनके साथ डेविड वार्नर को भी सजा मिली थी और वो टीम के उप-कप्तान थे। दोनों ने बैन के बाद एशेज में वापसी की, लेकिन वार्नर थोड़े पीछे रह गए। वो अपने बल्ले का कमाल दिखाने में अब तक कामयाब नहीं हो पाए हैं जबकि स्मिथ लगातार रन बनाते ही जा रहे हैं। स्मिथ के लिए वापसी आसान नहीं था, लेकिन इस खिलाड़ी ने दिखा दिया कि उनमें कितनी क्षमता है और क्यों टेस्ट क्रिकेट में उसे मिस किया जा रहा था।

याद करते हैं एशेज 2019 के पहले टेस्ट मैच को जब स्मिथ बल्लेबाजी करने उतरे थे तो उस वक्त स्टेडियम में काफी लोग स्मिथ की रोनी सूरत वाला मास्क पहनकर बैठे थे। यानी संकेत साफ था कि हम आपका मजाक उड़ा रहे हैं। स्मिथ ने इसका जवाब अपने बल्ले से दिया और पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़ दिया। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भी वो शतक बना देते लेकिन उनकी कनपटी पर चोट लगी थी और वो खेल नहीं पाए। दूसरे टेस्ट मैच के बीच से उन्हें बाहर होना पड़ा। चोट की वजह से उन्हें तीसरे टेस्ट मैच से बाहर होना पड़ा और जब उन्होंने चौथे टेस्ट में वापसी की तो पहली ही पारी में दोहरा शतक जड़ दिया। दूसरी पारी में भी वो शतक के करीब पहुंच गए थे, लेकिन चूक गए और 82 रन बनाए। उनकी इस तरह की पारियों के बाद जो लोग उनका मजाक उड़ा रहे थे या कोशिश कर रहे थे वो भी ताली बजाकर उनका अभिवादन करने पर मजबूर हो गए।

स्टीव स्मिथ ने इस एशेज की पांच पारियों में अब तक 134.20 की औसत से कुल 671 रन बनाए हैं। उनके इस प्रदर्शन के बाद उनका टेस्ट में औसत 64.81 का हो गया है। अभी एक मैच और बचा है और वो इसमें भी कुछ खास करेंगे ऐसी उम्मीद है। वहीं स्मिथ के प्रदर्शन के बाद आइसीसी भी उनके काफी प्रभावित है। आइसीसी ने स्मिथ की इस पारी को कर्मा से जोड़ा है और एक बेहतरीन पोस्ट उनके लिए किया।


Post a Comment