टी-20 और टेस्ट सीरीज के लिए भारत पहुंची दक्षिण अफ्रीकी टीम, धर्मशाला में खेलेगी पहला मैच
कप्तान क्विंटन डि काक के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम शनिवार को यहां पहुंची। मेहमान टीम दौरे की शुरुआत 15 सितंबर को धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से करेगी। सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच क्रमश: मोहाली (18 सितंबर) और बंगलूरु (22 सितंबर) में खेला जाएगा। टी-20 सीरीज के बाद टीम भारत के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी जो आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उनका पहला मुकाबला होगा। टेस्ट मैच विशाखापत्तनम (दो से छह अक्टूबर), पुणे (10 से 14 अक्टूबर) और रांची (19 से 23 अक्टूबर) में खेले जाएंगे। तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने ट्वीट किया, ‘ भारत में आकर रोमांचित महसूस कर रहा हूं और फिर क्रिकेट खेलने का इंतजार है।’
Excited to be back in India and looking forward to playing cricket again 🇿🇦🇮🇳— Kagiso Rabada (@KagisoRabada25) September 7, 2019
टीम के सोमवार को दिल्ली स्थित दक्षिण अफ्रीका उच्चायोग से मुलाकात करने की संभावना है जिसके बाद वह नौ सितंबर को धर्मशाला पहुंचेंगे। टीम यहां अंतरिम निदेशक इनोच एनक्के की देखरेख में खेलेगी।

Post a Comment